Search
Friday 26 June 2026
  • :
  • :
Latest Update

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक पदक विजेताओं का करेंगे सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 2 अक्टूबर को ओलम्पिक एवं पैरालम्पिक खेल-2024 के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान करेंगे। सम्मान समारोह दोपहर 12 बजे से तात्या टोपे खेल स्टेडियम के बेडमिंटन हॉल में होगा।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सोमवार को कार्यक्रम के संबंध में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव स्मिता भारद्वाज घाटे और संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री सारंग ने बताया कि कार्यक्रम में वर्ल्ड डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप में विजेता और प्रतिभागिता करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि समारोह में विक्रम पुरस्कार प्राप्त उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्ति-पत्र प्रदान किये जायेंगे।

ओलम्पिक पदक हासिल करने वाले हॉकी खिलाड़ी विवेक प्रसाद सागर और पैरालम्पिक पदक प्राप्त जूडो खिलाड़ी कपिल परमार और शूटिंग खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस सहित डेफ शूटिंग चैम्पियनशिप के विजेता सक्कल चेतन को सम्मानित किया जायेगा। इसी प्रकार ओलम्पिक प्रतिभागी ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, पैरालम्पिक प्रतिभागी प्राची यादव और पूजा ओझा सहित विश्व सिक्स रेड स्नूकर चैम्पियनशिप के विश्व विजेता कमल चावला का भी सम्मान होगा।

समारोह में वर्ष 2017 से वर्ष 2022 तक विक्रम पुरस्कार प्राप्त उत्कृष्ट खिलाड़ियों को जल संसाधन, लोक निर्माण, नगरीय विकास, ऊर्जा, चिकित्सा शिक्षा एवं वन विभाग में नियुक्ति-पत्र प्रदान किये जायेंगे।

मंत्री सारंग ने बैठक के पहले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *