Search
Wednesday 6 August 2025
  • :
  • :
Latest Update

यह चुनाव नहीं धर्मयुद्ध है, किसकी विजय होगी, यह जनता तय करेगी – डॉ. मोहन यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को झारखंड की गढ़वा विधानसभा के रामकंदा, चिनिया बाजार एवं चतरा जिले की सिमरिया विधानसभा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में रामलला के विराजमान होने के बाद अभी हाल ही में हमने पहली दीवाली मनाई है और देव दीवाली आ रही है। लेकिन रामराज्य अभी नहीं आया। झारखंड में रामराज्य की स्थापना के लिए हमें कांग्रेस और सोरेन की लंका को जलाना होगा। इस भ्रष्ट, बेईमान और निकम्मी सरकार को रवाना करना होगा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी होगी। क्या आप सभी इसके लिए तैयार हैं?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आपके बीच आकर मुझे ऐसा लग रहा है, जैसे अपने परिवार के बीच आ गया हूं। झारखंड के लोग मेहनतकश होते हैं और अपनी इच्छाशक्ति के दम पर कुछ भी कर गुजरने का माद्दा रखते हैं। परमात्मा की दी हुई, अकूत खनिज संपदा इस राज्य के पास है। भरपूर प्राकृतिक संसाधन हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलबिहारी वाजपेयी जी ने इसे अलग राज्य बनाया था और यह कहा था कि झारखंड एक दिन देश का नं.1 राज्य बनेगा। डॉ. यादव ने कहा कि इसी धरती पर भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों से आजादी का बिगुल फूंका था। अत्यंत कठिन समय में उन्होंने आदिवासी भाईयों को साथ लेकर अहंकारी अंग्रेजों के होश फाख्ता कर दिये थे। वो जनता के बीच काम करते हुए अंग्रेजों से काम करते रहे, लेकिन कांग्रेस और अन्य दलों की सरकारों ने उनके योगदान को भुला दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी और हमारी संस्कृति की रक्षा में भगवान बिरसा मुंडा का अविस्मरणीय योगदान है, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने उनकी स्मृतियों को संजोने के लिए कभी सोचा भी नहीं। लेकिन हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के लिए हमारे प्रधानमंत्री जी का कितना बड़ा मन है, यह इस बात से देखा जा सकता है कि उन्होंने जनजातीय समाज की बहन द्रोपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की राह पर चलते हैं। उन्होंने एक यादव परिवार के बच्चे को मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बना दिया। दलितों, आदिवासियों और पिछड़ा वर्ग को जो सम्मान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने दिया है, किसी और ने कभी नहीं दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान कृष्ण के काल में कंस ने कितने अत्याचार किए थे? सिर्फ एक भविष्यवाणी हुई थी, लेकिन उस दुष्ट ने भगवान कृष्ण के भाई-बहनों को मारना शुरू कर दिया था। उनके माता-पिता को जेल में डाल दिया था। कांग्रेस और सोरेन भी कंस की राह पर ही चल रहे हैं। इन्होंने झारखंड में कितना भ्रष्टाचार किया है, आप सभी ने देखा है। कोयला खदानों में ही इन्होंने 350 करोड़ का घोटाला कर दिया था। इनके भ्रष्टाचार का हाल यह था कि इनके नौकर चाकरों के पास से भी सैकड़ों करोड़ रुपये मिल रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि ये लोग जनता के हक का पैसा और उसकी मेहनत की कमाई लूट-लूटकर अपनी जेबें भरते रहे। डॉ. यादव ने कहा कि ये लोग झूठ और भ्रम की राजनीति करते हैं। पिछले चुनाव में भी सोरेन एक के बाद एक झूठ बोलते गए। इन्होंने कहा था कि आप लोगों को सोने का सिक्का देंगे। आप में से किसी को मिला हो तो बताईये, इन्होंने सोने का तो क्या किसी को पीतल का सिक्का भी नहीं दिया और जनता के सारे पैसे खा गए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि झारखंड में विधानसभा का जो चुनाव हो रहा है, यह चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है। झारखंड की जनता यह तय करेगी कि इस धर्म युद्ध में किसकी जीत होगी। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में सनातन धर्म और हमारी संस्कृति के लिए चुनौती खड़ी हो गई है। आप अपने घर के आसपास देखिए, कितने बांग्लादेशी घुसपैठिए आकर बस गए हैं। कांग्रेस और सोरेन जैसे लोग इन घुसपैठियों को वोटों के लालच में सहयोग दे रहे हैं। ये घुसपैठिए आपकी जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, आपकी बहन-बेटियों का अपहरण कर उनकी इज्जत लूटना चाहते हैं। इन्होंने ऐसी हालत बना दी है कि यह रांची को भी करांची बना देंगे। डॉ. यादव ने कहा कि जब पाकिस्तान बना था, तब वहां हिंदुओं की आबादी 20 प्रतिशत थी, लेकिन आज वहां क्या हालत है? ये लोग आपके लिए भी वैसी ही स्थिति पैदा करना चाहते हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के रूप में रोहिंग्या मुसलमानों को झारखंड में बसाया जा रहा है और वहां हिंदुओं तथा आदिवासियों की आबादी कम होती जा रही है। डॉ. यादव ने कहा कि अभी हमने देखा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं और उनके धर्मस्थलों पर किस तरह से हमला किया गया था। हमने कभी किसी के धर्मस्थल पर आक्रमण नहीं किया, लेकिन ये लोग हमारी चोटी, बेटी और मंदिर की पूजा के विरोधी हैं। इसलिए यह चुनाव हमारी जमीन, हमारी बहन-बेटियों और हमारे सनातन धर्म के सम्मान को बचाने का चुनाव है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बेईमान और नालायक लोग भगवान राम और भगवान कृष्ण का नाम लेते है तो इनको करंट लग जाता है। ऐसा लगता जैसे बिच्छू और सांप ने काट लिया हो। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में बहनों को प्रतिमाह 1250 रूपए दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार हर व्यक्ति का जीवन संवारने के लिए काम कर रही है। कच्चे घरों में रहने वालों को मोदी सरकार ने 4 करोड़ मकान दिए हैं। बहनों को उज्जवला योजना में गैस सिलेंडर दे रहे हैं और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिल रहा है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारे मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना की तर्ज पर झारखंड में भी माता-बहनें के लिए गोगो दीदी योजना लागू करेंगे। यहां के युवाओं के लिए 2 लाख से अधिक सरकारी नौकरियों सहित कुल पांच लाख नौकरियां उपलब्ध कराएंगे। डॉ. यादव ने कहा कि इस चुनाव में आप भाजपा को अपना आशीर्वाद दीजिए, हम अपना हर वादा पूरा करेंगे। ये भाजपा और मोदी की गारंटी है।

 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *