Search
Monday 23 November 2026
  • :
  • :
Latest Update

वैकुंठ चतुर्दशी पर आज बनेगा दुर्लभ ज्योतिषीय संयोग, भरणी नक्षत्र और वरीयान योग में होगी हरि-हर की आराधना

कार्तिक मास की पावन वैकुंठ चतुर्दशी इस वर्ष 23 नवंबर, सोमवार को विशेष धार्मिक और ज्योतिषीय संयोग के साथ मनाई जा रही है। इस अवसर पर भरणी नक्षत्र और वरीयान योग का संयोग बन रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की एक साथ पूजा करने का विशेष महत्व है। इसे हरि-हर मिलन के पर्व के रूप में भी जाना जाता है।

शिव-विष्णु की संयुक्त आराधना का विशेष दिन
वैकुंठ चतुर्दशी कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने काशी में भगवान शिव की एक हजार कमल पुष्पों से पूजा की थी। पूजा के दौरान एक कमल कम पड़ने पर उन्होंने अपना एक नेत्र अर्पित करने का संकल्प लिया। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें सुदर्शन चक्र प्रदान किया था।

इसी पौराणिक प्रसंग के कारण इस दिन भगवान शिव और विष्णु की संयुक्त पूजा का विशेष विधान है।

निशीथ काल में पूजा का विशेष महत्व
पंचांग के अनुसार, 23 नवंबर को चतुर्दशी तिथि रात 11 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। भगवान विष्णु की पूजा के लिए निशीथ काल का विशेष महत्व है। दिल्ली के समयानुसार निशीथकाल पूजा का शुभ मुहूर्त रात 11:41 बजे से 24 नवंबर की मध्यरात्रि 12:35 बजे तक रहेगा।

भरणी नक्षत्र और वरीयान योग का संयोग
आज भरणी नक्षत्र और वरीयान योग का विशेष संयोग है। राष्ट्रीय पंचांग के अनुसार वरीयान योग शाम तक रहेगा, जबकि भरणी नक्षत्र अगले दिन तड़के तक प्रभावी रहेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं में वरीयान योग को शुभ कार्यों और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए अनुकूल माना जाता है।

पूजा में इन बातों का रखें ध्यान
इस दिन श्रद्धालु भगवान विष्णु को तुलसी दल और भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित कर सकते हैं। विष्णु सहस्रनाम, शिव मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है। साथ ही जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और दीपदान करने की भी परंपरा है।

धार्मिक मान्यता है कि वैकुंठ चतुर्दशी पर श्रद्धा और भक्ति के साथ हरि-हर की आराधना करने से सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण का आशीर्वाद प्राप्त होता है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *