Search
Monday 23 November 2026
  • :
  • :
Latest Update

तमिलनाडु में मौत बनकर दौड़ी कार, पेड़ से टकराने पर 8 लोगों की गई जान; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। थुरैयूर-मुसिरी हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीम के पेड़ से टकरा गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

पारिवारिक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल 10 लोग सवार थे। सभी नमक्कल जिले में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के तिरुक्कट्टुपल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान कोथुरपट्टी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पीएम मोदी ने घोषित की आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने भी जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने भी हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *