Search
Thursday 26 March 2026
  • :
  • :
Latest Update

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुयाना के सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से अलंकृत और ’डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’ से भी नवाजा गया

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यहां दो राष्ट्रों ने अपने सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया। प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना ने अपने सर्वोच्च सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस ऑफ गुयाना’ और डोमिनिका ने ‘डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी यहां कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।

गयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली ने आज स्टेट हाउस में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया। एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में वैश्विक मंच पर विकासशील देशों के अधिकारों की रक्षा करने, वैश्विक समुदाय के लिए असाधारण सेवा करने तथा भारत-गयाना संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता के लिए मोदी को यह सम्मान प्रदान किया गया है। पुरस्कार ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत के नागरिकों तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी यह राजकीय यात्रा भारत-गयाना मैत्री को और सुदृढ़ करने की दिशा में भारत की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गयाना के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित होने वाले केवल चौथे विदेशी नेता हैं।

डोमिनिका की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कोविड-19 महामारी के दौरान डोमिनिका को दिए गए समर्थन और दोनों देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने के प्रति उनके समर्पण को मान्यता देते हुए ‘डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट भी उपस्थित थे। गयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली, बारबाडोस की प्रधानमंत्री मिया अमोर मोटली, ग्रेनेडा के प्रधानमंत्री डिकॉन मिशेल, सेंट लूसिया के प्रधानमंत्री फिलिप जे. पियरे और एंटीगुआ और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन भी समारोह में उपस्थित थे। प्रधानमंत्री ने यह सम्मान भारत के लोगों और दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को समर्पित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और ज्यादा विस्तारित एवं प्रगाढ़ होंगे। यह पुरस्कार समारोह को गयाना के जॉर्जटाउन में दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित किया गया।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *