Search
Thursday 8 October 2026
  • :
  • :
Latest Update

नेशनल चेंजमेकर्स मीट 2026 में यूपी का डंका, अनूपशहर विधायक संजय शर्मा सम्मानित

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले की अनूपशहर विधानसभा सीट से विधायक संजय कुमार शर्मा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। गुजरात के नर्मदा जिले स्थित एकता नगर में आयोजित ‘नेशनल चेंजमेकर्स मीट-2026’ में उन्हें बेटियों की शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।

1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 51 चेंजमेकर्स का चयन किया गया था। इनमें संजय शर्मा एकमात्र विधायक रहे, जिन्हें राष्ट्रीय मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वडोदरा की सामाजिक संस्था समन्वय प्रतिष्ठान ने इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से किया था।

बेटियों की शिक्षा के लिए ‘अनूपशहर मॉडल’ की चर्चा
संजय शर्मा को अनूपशहर क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और जनभागीदारी के प्रयासों के लिए सम्मान मिला। वर्ष 2017 से उन्होंने क्षेत्र के गांवों में छात्राओं और उनके परिवारों से संवाद कर बेटियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। रिपोर्ट के अनुसार, इन प्रयासों से 50 हजार से अधिक बेटियों को शिक्षा जारी रखने की प्रेरणा मिली, जबकि 200 से अधिक स्कूल ड्रॉपआउट छात्राओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ा गया।

क्षेत्र में तीन कस्तूरबा आवासीय विद्यालय और बालिकाओं के लिए राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना व संचालन भी हुआ। मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान की परंपरा भी जारी है।

सम्मान बेटियों और शिक्षकों को समर्पित
सम्मान मिलने के बाद विधायक संजय शर्मा ने इसे अपना व्यक्तिगत सम्मान न बताते हुए अनूपशहर की बेटियों, उनके परिवारों और शिक्षकों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों में निवेश करना देश के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने जैसा है।

कार्यक्रम में शिक्षा, ग्रामीण विकास, जनजातीय कल्याण, नशामुक्ति, सुशासन और कला-संस्कृति जैसे क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर बदलाव के लिए काम करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी समेत कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *