Search
Thursday 26 March 2026
  • :
  • :
Latest Update

हेमंत सोरेन झारखंड में दूसरी बार सरकार बनाने को तैयार

नई दिल्ली : रविवार, नवम्बर 24, 2024/ झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्‍व में इंडिया गठबंधन की झारखण्‍ड में सत्‍ता बरकरार रहना तय है। निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा की सभी 81 सीटों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए हैं। हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले चार पार्टियों के गठबंधन ने कुल 56 सीटों पर जीत दर्ज की है। राज्य के 24 वर्षों के इतिहास में पहली बार कोई गठबंधन दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है। हेमंत सोरेन का फिर से गठबंधन का नेता चुना जाना तय है और वह राज्य में चौथी बार सीएम पद की शपथ लेने वाले पहले नेता होंगे।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 34 सीटों पर जीत दर्ज की है। वर्ष 2019 के चुनाव में उसने 30 सीटें हासिल की थीं। कांग्रेस ने भी वर्ष 2019 का प्रदर्शन बरकरार रखते हुए 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। राष्ट्रीय जनता दल को 4 और सीपीआई एमएल को 2 सीटों पर जीत मिली है।

हेमंत सोरेन सरकार के चार मंत्री चुनाव हार गए हैं। जमशेदपुर पश्चिमी सीट पर कांग्रेस कोटे के मंत्री बन्ना गुप्ता को जदयू के सरयू राय ने पराजित कर दिया है। गढ़वा सीट पर झामुमो कोटे के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर को भाजपा के सत्येंद्र नाथ तिवारी ने हरा दिया है। डुमरी सीट पर झामुमो कोटे की मंत्री बेबी देवी को जेएलकेएम के जयराम कुमार महतो ने हराया है, जबकि लातेहार सीट पर झामुमो कोटे के मंत्री बैद्यनाथ राम को भाजपा के प्रकाश राम ने पराजित किया है।

हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय सीट से और उनके छोटे भाई बसंत सोरेन ने दुमका सीट से जीत हासिल की है। चंदनकियारी सीट पर विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भाजपा के प्रत्याशी अमर कुमार बाउरी भी न सिर्फ चुनाव हार गए हैं, बल्कि तीसरे नंबर पर चले गए। यहां झामुमो के उमाकांत रजक ने जीत दर्ज की है।

झामुमो-कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं में एकमात्र चंपई सोरेन अपनी सीट बचाने में सफल रहे, जबकि सीता सोरेन, गीता कोड़ा और लोबिन हेंब्रम चुनाव हार गए हैं। चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन भी घाटशिला सीट पर और पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा पोटका सीट पर चुनाव हार गईं। पूर्व सीएम और ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहू पूर्णिमा साहू ने जमशेदपुर पूर्वी सीट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने यहा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ अजय कुमार को पराजित किया है।

झारखंड विधानसभा चुनाव-2024 का परिणाम आने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जेएमएम गठबंधन को झारखंड में विजय के लिए बधाई दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा, ‘मैं झारखंड के लोगों को हमारे प्रति उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम लोगों के मुद्दों को उठाने और राज्य के लिए काम करने में हमेशा सबसे आगे रहेंगे। मैं राज्य में उनके प्रदर्शन के लिए झामुमाे के नेतृत्व वाले गठबंधन को भी बधाई देता हूं।’

झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस को संबोधित किया। हेमंत सोरेन जब मीडिया के सामने आए, तो उनकी दायीं तरफ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन थीं, बायीं ओर कांग्रेस के झारखंड प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर थे। दोनों के बीच में हेमंत सोरेन बैठे थे। उन्होंने झारखंड के चुनाव परिणाम के लिए राज्य की जनता को धन्यवाद दिया।

साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शुक्रिया कहा। हेमंत सोरेन ने कहा कि भरपूर जनादेश देने के लिए झारखंड की जनता के प्रति आभार। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें इस जीत पर बधाई दी है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *