Search
Friday 2 October 2026
  • :
  • :
Latest Update

भारतीय पत्रकारिता महोत्सव का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर को इंदौर में

हिंदी पत्रकारिता के सप्तऋषियों राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, रमेशचंद्र अग्रवाल, अभय छजलानी एवं कृष्णकुमार अष्ठाना पर समर्पित रहेगा आयोजन
स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के तीन दिवसीय प्रतिष्ठापूर्ण महोत्सव में कई आयोजन
इंदौर। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर केंद्रित तीन दिवसीय भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2026 का आगाज शुक्रवार को साउथ तुकोगंज स्थित जाल सभागृह में होने जा रहा है। 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन में देशभर के 150 से अधिक मीडियाकर्मी सहभागिता करेंगे। मूर्धन्य संपादक एवं साहित्यकार संपूर्ण आयोजन जेन-जी पर केंद्रित रहेगा। आयोजन का यह अनवरत 18वां संस्करण है।
यह जानकारी देते हुए महोत्सव संयोजक सुदेश तिवारी, स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रवीण खारीवाल एवं मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने बताया कि भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के लिए देश भर से पत्रकारों का इंदौर आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भारतीय पत्रकारिता महोत्सव देश के लब्ध प्रतिष्ठित और मूर्धन्य पत्रकारों और संपादकों पर समर्पित रहेगा। इस बार का महोत्सव हिंदी पत्रकारिता के सप्तऋषियों – सर्वश्री राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, रमेशचंद्र अग्रवाल, अभय छजलानी एवं कृष्णकुमार अष्ठाना पर समर्पित रहेगा।
सत्र का आगाज़ ‘सुनो सरकार – जेन जी से संवाद’ से होगा
पत्रकारिता महोत्सव के अंतर्गत समकालीन परिदृश्य पर विचारोत्तेजक सत्र होंगे, जिसे सुनना सभी के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी होगा। सत्र की शुरुआत शुक्रवार, 2 अक्टूबर प्रातः 10:30 बजे उद्घाटन सत्र के साथ होगी। महोत्सव के उद्घाटन के तत्पश्चात पहला सत्र “सुनो सरकार” विषय के साथ आरम्भ होगा। इस सत्र में ‘जेन-जी’ देश के ख्यातिप्राप्त मीडियाकर्मियों से संवाद करेंगे। दोपहर 03 बजे प्रिंट मीडिया पर केन्द्रित मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे से महोत्सव का तीसरा सत्र ‘भाड़े की बुद्धि – वश में या कितने विवश है हम’ विषय पर  रहेगा। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 3 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे पहला सत्र ‘राजनीति की दाई – बाई करवट’ विषय पर रहेगा। दोपहर 03 बजे ‘नवयुग का डिजिटल मीडिया’ विषय पर केन्द्रित मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे ‘अश्वमेघ की दौड़ कहां तक’ विषय पर तीसरा सत्र रहेगा। महोत्सव के समापन दिवस रविवार, 4 अक्टूबर को प्रथम सत्र की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे ‘क्लास रूम के बाहर जेन-जी’ विषय पर चर्चा से होगी। दोपहर 3 बजे ‘पत्रकारिता के सिद्धहस्त’ विषय पर मास्टर क्लास के साथ ही शाम 5 बजे महोत्सव के समापन सत्र में ‘भाषाई और क्षेत्रीय पत्रकारिता का महत्त्व’ विषय पर चर्चा की जाएगी।
‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’
श्रीनरेश मेहता की स्मृति में आयोजित इस बार का सप्तऋषि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड वरिष्ठ संपादक देवप्रिय अवस्थी को प्रदान किया जाएगा। स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश अपने वार्षिक राष्ट्रीय आयोजन ‘भारतीय पत्रकारिता महोत्सव’ में इस वर्ष वरिष्ठ संपादक श्री देवप्रिय अवस्थी को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित करने जा रहा है। क्लब की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से पत्रकारिता के प्रेरणास्त्रोत 73 वर्षीय श्री अवस्थी को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना है। ज्ञात हो कि यह ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ ख्यात साहित्यकार और कवि स्व. नरेश मेहता के नाम पर स्थापित किया गया है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *