Search
Wednesday 4 February 2026
  • :
  • :
Latest Update

दिल्ली में AAP ने सीएम रेखा गुप्ता को दे दी बड़ी चुनौती

दिल्ली में AAP ने सीएम रेखा गुप्ता को दे दी बड़ी चुनौती
दिल्ली में छठ महापर्व से पहले एक बार फिर यमुना के प्रदूषित पानी को लेकर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। AAP के वरिष्ठ नेता और दिल्ली संगठन प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने सीएम रेखा गुप्ता को खुली चुनौती दी है कि वह यमुना का पानी पीकर दिखाएं, जिसे बीजेपी सरकार साफ बताने का दावा कर रही है।

पीना तो दूर यमुना का पानी नहाने लायक भी नहीं
सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा “हमने वजीराबाद के पास यमुना से पानी भरा है। इस पानी के नीचे जमी हुई परत में मल और गंदगी है, जो नजफगढ़ नाले से आकर यमुना में मिली है। यह पानी पीने तो दूर, नहाने के लायक भी नहीं है।” उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (DPCC) की दो दिन पुरानी रिपोर्ट में भी यही कहा गया है कि यमुना के कई स्थानों से लिए गए सैंपलों में प्रदूषण की मात्रा बेहद अधिक पाई गई है।

गरीबों की जान से खिलवाड़ न करे’
AAP नेता ने सीएम रेखा गुप्ता पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा “अगर लोग छठ पूजा के दौरान इस पानी में जाकर अर्घ्य देंगे या गलती से इसे पी लेंगे तो उनकी सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। छठ करने वाले अधिकतर गरीब परिवारों के लोग होते हैं। अगर उन्हें बीमारियां हो गईं तो उनके पास अच्छे अस्पताल में इलाज कराने के लिए पैसे नहीं होंगे। बीजेपी सरकार इनकी जान से खिलवाड़ कर रही है।”

यमुना की सफाई के नाम पर भ्रम फैलाने का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने यमुना को साफ करने के लिए एक व्यापक योजना बनाई थी, लेकिन उपराज्यपाल ने इसमें कई अड़चनें डालीं, जिसके कारण काम पूरा नहीं हो सका। अब रेखा सरकार यमुना की सफाई के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा “बीजेपी दिल्ली में झूठ का तंत्र चलाकर लोगों को भ्रमित कर रही है। अगर रेखा गुप्ता को विश्वास है कि यमुना साफ है तो वह खुद आकर इस पानी को पीकर दिखाएं। अगर नहीं पी सकतीं तो झूठे दावे करना बंद करें।”




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *