Search
Saturday 11 April 2026
  • :
  • :
Latest Update

मध्य प्रदेश के सागर में भारी बारिश के बीच दीवार गिरने से नौ बच्चों की दर्दनाक मौत और कई घायल

मध्यप्रदेश में भारी बारिश के चलते आज रविवार सुबह करीब 8:30 बजे सागर जिले में दीवार गिरने से नौ बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में दो अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं, उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सागर, मध्य प्रदेश में एक हृदय विदारक दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु के समाचार से मन दुखी है। वे प्रार्थना करती हैं कि ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वे घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दर्दनाक हादसे में कई मासूम बच्चों की मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक है। असीम पीड़ा की इस घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सागर जिले में दीवार गिरने के कारण मलबे में दबे नौ बच्चों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई, शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि पिछली रात हुई भारी बारिश के कारण यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने की घटना में बच्चों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। यह घटना सागर जिले के शाहपुर में आज प्रात: हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्षाकाल में सावधानियां रखे जाने के निरंतर प्रयासों के बाद ऐसी घटनाएं होना पीड़ा का विषय है। राज्य सरकार ने जिलों में अतिवर्षा की स्थितियों से निपटने के लिए आपदा दलों को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने और हादसे में घायल बच्चों के उचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जिला कलेक्टर दीपक आर्य ने पुष्टि की कि स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने बचाव अभियान शुरू किया। आर्य ने कहा, “घटना में नौ बच्चों की मौत हो गई है। दो अन्य को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *