Search
Tuesday 22 September 2026
  • :
  • :
Latest Update

यूपी ट्रेड शो-2026 में जुटेगा वैश्विक बाजार, 72 देशों के खरीदार करेंगे शिरकत

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वच्छता, विदेशी मेहमानों के स्वागत तथा सुविधाओं को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा।

इस वर्ष ट्रेड शो में 72 देशों और क्षेत्रों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। विदेशी खरीदारों को फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस इस संस्करण के साझेदार देश होंगे।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के ODOP, MSME, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, डिफेंस और एयरोस्पेस, कृषि, रिन्यूएबल एनर्जी, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल, फार्मा, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा। करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया जा चुका है और 20 से अधिक नॉलेज सेशन आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए बेहतर आवास व्यवस्था, संबंधित देशों के लिए लायजन अधिकारियों की नियुक्ति और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बिजनेस मीटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर CCTV, इंटरनेट-वाइफाई, पेयजल, स्वच्छता और पार्किंग जैसी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आगंतुकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए 500 से अधिक इलेक्ट्रिक शटल बसों की व्यवस्था की जा रही है, जो पार्किंग क्षेत्रों से प्रदर्शनी स्थल तक लोगों को पहुंचाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीआईपी मेहमानों की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विशेष सुविधा केंद्र भी बनाया गया है।

UPITS-2026 को उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमों और औद्योगिक क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने वाले प्रमुख व्यापारिक मंच के रूप में तैयार किया जा रहा है। आयोजन में बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ व्यापारिक संपर्क पर विशेष जोर रहेगा।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *