Search
Monday 23 March 2026
  • :
  • :
Latest Update

ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी से भारत ए की जीत

ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी से भारत ए की जीत
सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी की मदद से भारत ए ने पहले अनौपचारिक वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका ए को चार विकेट से हराया। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डीन फोरेस्टर, डिलानो पोटगिएटर और जोर्न फॉर्चूइन के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 285 रन बनाए। जवाब में गायकवाड़ ने 129 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 117 रनों की पारी खेली जिससे भारत ए ने 49.3 ओवर में छह विकेट पर 290 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

गायकवाड़ एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने शतक पूरा किया। हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम से रिलीज किए गए नीतीश कुमार रेड्डी ने दूसरे छोर पर गायकवाड़ का बखूबी साथ निभाया। वूरेन ने गायकवाड़ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके कुछ देर बाद बार्टमैन ने नीतीश को आउट किया जो 37 रन बनाकर आउट हुए। फिर निशांत सिंधू और हर्षित राणा ने भारत ए को जीत दिलाई। निशांत 29 रन और हर्षित छह रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका ए के लिए वूरेन, फॉर्चूइन और बार्टमैन ने दो-दो विकेट लिए।

दक्षिण अफ्रीका ए ने की थी खराब शुरुआत
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने 53 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, फोरेस्टर, पोटगिएटर और फॉर्चूइन ने अर्धशतक लगाकर ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका ए की पारी को संभाला, बल्कि टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक भी पहुंचाया। पोटगिएटर हालांकि शतक लगाने से चूक गए और 105 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फोरेस्टर ने 83 गेंदों पर 77 और फॉर्चूइन ने 56 गेंदों पर 59 रन बनाए। इन तीन बल्लेबाजों के अलावा दक्षिण अफ्रीका ए का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। भारत ए के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, निशांत सिंधू, रियान पराग और नीतीश रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *