Search
Sunday 15 November 2026
  • :
  • :
Latest Update

पूर्व सैनिकों के सम्मान और कल्याण पर जोर, सीएम योगी ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश के सैनिक, पूर्व सैनिक और उनके परिवार राष्ट्र की शक्ति तथा भारत की गौरवशाली सैन्य परंपरा के प्रतीक हैं। सैनिकों का सम्मान, शहीद परिवारों को संबल और पूर्व सैनिकों का कल्याण सरकार का राष्ट्रीय संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने मेरठ में आयोजित पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह के अवसर पर प्रदेश के सैनिक परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 5.19 लाख पूर्व सैनिक हैं और उनके परिवारों को मिलाकर लगभग 15 से 20 लाख लोगों का विशाल सैन्य परिवार बनता है। यह परिवार देश की सुरक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतिनिधित्व करता है।

राष्ट्र की सुरक्षा में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान
मुख्यमंत्री ने बताया कि देश में प्रतिवर्ष लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिनमें 10 से 12 हजार सैनिक उत्तर प्रदेश के होते हैं। यह आंकड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

शहीद परिवारों को 50 लाख रुपये और आश्रित को नौकरी
सीएम योगी ने सैनिक कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहीदों के परिजनों को 50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस में 20 प्रतिशत तथा समूह ‘ख’ के पदों पर 5 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 31,700 से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं।

रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के पराक्रम, उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर और लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अपनी भूमिका का विस्तार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करना पूरे राष्ट्र का दायित्व है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *