Search
Friday 27 November 2026
  • :
  • :
Latest Update

OTS योजना बनी करदाताओं का सहारा, 2.46 लाख से अधिक आवेदन मंजूर

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की एकमुश्त समाधान योजना (OTS) को जबरदस्त जनसमर्थन मिल रहा है। पुराने कर बकायों से राहत दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना के तहत अब तक 3,00,073 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। योजना के प्रति नागरिकों की बढ़ती भागीदारी से नगरीय निकायों को भी आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

762 नगरीय निकायों में लागू है योजना
प्रदेश के सभी 762 नगरीय निकायों में संचालित इस योजना में 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 545 नगर पंचायतें शामिल हैं। इसके माध्यम से पात्र भवन स्वामियों को पुराने गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकाया भुगतान में राहत दी जा रही है।

2.46 लाख से अधिक आवेदन स्वीकृत
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत प्राप्त 3,00,073 आवेदनों में से 2,46,374 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं 49,187 आवेदन प्रक्रिया में हैं और लगभग 3,000 आवेदन निरस्त हुए हैं। अब तक 154.48 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली की गई है, जबकि पात्र करदाताओं को 235.14 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई है।

आवासीय संपत्ति धारकों की सबसे ज्यादा भागीदारी
योजना के तहत प्राप्त आवेदनों में आवासीय संपत्तियों की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। कुल आवेदनों में 2,52,215 आवेदन आवासीय संपत्तियों से जुड़े हैं। इसके अलावा 26,219 आवेदन व्यावसायिक और 21,639 आवेदन मिश्रित श्रेणी की संपत्तियों के हैं।

तीन किस्तों में भुगतान की सुविधा
करदाताओं को राहत देने के लिए बकाया राशि का भुगतान अधिकतम तीन किस्तों में करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। नगर विकास विभाग की ओर से विभिन्न नगरीय निकायों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक योजना का लाभ उठा सकें।

15 दिसंबर तक मिलेगा योजना का लाभ
सरकार ने योजना के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए पात्र करदाताओं से निर्धारित समयसीमा में आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। योजना की आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर 2026 तथा निर्धारित धनराशि जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 कर दी गई है। इस पहल से एक ओर नागरिकों को पुराने बकायों से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर नगरीय निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *