जयपुर पटाखा फैक्ट्री में आग से 8 लोगों की मौत
राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार (9 जून 2026) की सुबह अवैध रूप से संचालित हो रही पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि अंदर मौजूद लोगों को संभालने का मौका ही नहीं मिला और इस भीषण हादसे में 2 सगे भाइयों सहित आठ लोगों की मौत हो गई. इस अग्निकांड में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, हादसे में घायल दो लोगों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है.
जानकारी के मुताबिक, यह भीषण हादसा खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार की सुबह हुआ है, इस भीषण हादसे में मरने वालों में दो सगे भाई अजीम और बिलाल भी शामिल थे. अजीम इस अवैध पटाखा फैक्ट्री में काम करता था, वहीं बिलाल आज सुबह भाई की फैक्ट्री में काम देखने आया था, इसी दौरान यह हादसा हो गया.
अवैध रूप से संचालित हो रही थी पटाखा फैक्ट्री
भाजपा के लोगों ने बताया कि जिस मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री चल रही है, वह मोहम्मद याकूब नाम के व्यक्ति की है. साथ ही बिजली के बिल भी याकूब के नाम पर बताए जा रहे हैं, याकूब ने यह मकान दिल्ली के रहने वाले फिरोज को दे रखा है. बीजेपी नेताओं की तरफ से दावा किया गया है कि फिरोज और उसका दोस्त वसीम यहां अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाते हैं, पटाके यहां तैयार होने के बाद दिल्ली भेजे जाते हैं.
पुलिस और प्रशासन पर खड़े हुए सवाल
इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं. लापरवाही के चलते यह बड़ी घटना हुई, जिसमें अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है. अमूमन रिहायशी इलाकों में इस तरह पटाखा फैक्ट्री नहीं चलायी जा सकती तो आखिर यह किसकी शह पर चल रही थी. आस पास के लोगों ने बताया कि कई बार यहां पुलिस भी आती है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती.
विधायक ने अमीन कागजी ने की मुआवजा दिए जाने की मांग
वहीं, घटना के बाद किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने जिला प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि मरने वाले परिवारों को मुआवजा मिलना चाहिए, साथ ही जो जिम्मेदार लोग हैं उन पर कार्रवाई हो.
