Search
Tuesday 27 October 2026
  • :
  • :
Latest Update

गुवाहाटी के होटल बिलास इन में अंधाधुंध फायरिंग, पांच लोगों की मौत; आरोपी गिरफ्तार

असम की राजधानी गुवाहाटी में सोमवार रात एक होटल में हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। उलुबाड़ी के बोरा सर्विस इलाके में स्थित होटल बिलास इन में हुई इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को वारदात के करीब एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

रात करीब नौ बजे हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी सोमवार रात करीब नौ बजे होटल बिलास इन में हुई। इस घटना में छह लोगों को गोली लगी थी। इनमें से पांच ने दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल व्यक्ति का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस आयुक्त पार्थ सारथी महंत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

होटल की लीज को लेकर विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे होटल की लीज को लेकर विवाद होने की आशंका जताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनकांत गोगोई ने करीब एक साल पहले होटल लीज पर लिया था। होटल मालिक पक्ष और लीजधारक के बीच विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल जब्त
पुलिस ने आरोपी घनकांत गोगोई को घटना के एक घंटे के भीतर पकड़ लिया। उसके पास से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल भी जब्त की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य
पुलिस के अनुसार, मृतकों में से चार होटल मालिक के परिवार से संबंधित थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। घायल व्यक्ति भी उसी गांव का बताया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है, ताकि गोलीबारी की पूरी परिस्थितियों और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *