Search
Sunday 15 November 2026
  • :
  • :
Latest Update

सुनील शेट्टी की ‘नन्हे दिल’ 20 नवंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक, भावुक कर देगा फिल्म का ट्रेलर

अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराही गई बच्चों के सपनों और समान अवसरों की कहानी; स्कूल प्रिंसिपल की भूमिका में नजर आएंगे सुनील शेट्टी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी एक बार फिर दर्शकों के सामने एक संवेदनशील और दिल को छू लेने वाली कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘नन्हे दिल’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना हासिल कर चुकी यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म बचपन, शिक्षा, समानता और हर बच्चे को अपने सपने पूरे करने का अवसर देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाती है।

एक बच्चे के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
फिल्म की कहानी रघु नाम के एक प्रतिभाशाली बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पिता धोबी का काम करते हैं। सुनील शेट्टी फिल्म में एक प्रतिष्ठित स्कूल के प्रिंसिपल की भूमिका निभा रहे हैं। वह रघु की प्रतिभा को पहचानते हैं और उसे ऐसे स्कूल में पढ़ने का अवसर देते हैं, जहां संपन्न परिवारों के बच्चे शिक्षा प्राप्त करते हैं। कहानी यह संदेश देती है कि किसी बच्चे की प्रतिभा और उसके सपनों का आकलन उसके परिवार की आर्थिक या सामाजिक स्थिति से नहीं होना चाहिए।

सुनील शेट्टी बोले- हर बच्चे को मिलना चाहिए समान अवसर
फिल्म को लेकर सुनील शेट्टी ने कहा कि यह बच्चों और उन्हें समान अवसर देने की जरूरत पर आधारित एक खूबसूरत कहानी है। उनका मानना है कि हर बच्चे को अपने सपनों के अनुसार आगे बढ़ने की आजादी मिलनी चाहिए। माता-पिता को भी बच्चों पर अपने सपने थोपने के बजाय उनकी इच्छाओं और क्षमताओं को समझना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी पहुंची फिल्म
स्वरूप राज मेदारा के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए ‘Fly High Little Hearts’ शीर्षक से भी प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की स्क्रीनिंग टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल सहित अंतरराष्ट्रीय फिल्म मंचों पर हुई है। इसकी कहानी मानवीय संवेदना, समावेशिता और शिक्षा में समान अवसरों के महत्व को रेखांकित करती है।

20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज
नवऱस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म को श्रीनाथजी हॉस्पिटैलिटी और नाइनफोल्ड पिक्चर्स प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म के निर्माता सौमय जैन, श्रिया टोर्ने, ध्रुव करुणाकर और ऐश्वर्या यादव हैं। साईविन क्वाड्रास क्रिएटिव प्रोड्यूसर और पटकथा लेखक के रूप में जुड़े हैं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *