Search
Tuesday 2 June 2026
  • :
  • :
Latest Update

म्यांमार सीमा पर तनाव को लेकर पीएम मोदी ने जताई चिंता

म्यांमार सीमा पर तनाव को लेकर पीएम मोदी ने जताई चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता में भारत-म्यांमार सीमा से जुड़े सुरक्षा मुद्दों और शरणार्थियों की स्थिति पर चिंता जताई। प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से म्यांमार में सक्रिय सशस्त्र समूहों की गतिविधियों और उनके भारतीय सीमा क्षेत्रों पर पड़ने वाले प्रभाव का मुद्दा उठाया।

विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने राष्ट्रपति के भारत दौरे पर आयोजित विशेष ब्रीफिंग में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने म्यांमार के भीतर चल रहे संघर्ष और उससे जुड़े सीमा पार प्रभावों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सीमा के आसपास सक्रिय सशस्त्र समूहों और उनके खिलाफ म्यांमार सेना की कार्रवाई का असर भारत की सीमा से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है।

सीमा पार गतिविधियों को लेकर जताई चिंता
विदेश सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री ने बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि म्यांमार में सक्रिय समूहों की गतिविधियां भारतीय सीमा के बेहद करीब तक पहुंच रही हैं। इसके जवाब में म्यांमार सेना की सैन्य कार्रवाई भी सीमा के नजदीक होती है, जिसका असर भारतीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों पर पड़ता है।

प्रधानमंत्री ने म्यांमार प्रशासन से कहा कि सीमा के पास होने वाली सैन्य कार्रवाई इस तरह की जाए कि भारतीय क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। उन्होंने इस मुद्दे पर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत पर जोर दिया।

शरणार्थियों का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान म्यांमार से भारत आए शरणार्थियों का मुद्दा भी चर्चा में रहा। विक्रम मिस्री ने कहा कि म्यांमार में जारी संघर्ष के कारण बड़ी संख्या में लोग मिजोरम पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि शरणार्थियों की वापसी का एक तय तंत्र मौजूद है और इस संबंध में दोनों देशों के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *