Search
Sunday 24 May 2026
  • :
  • :
Latest Update

व्हाइट हाउस के पास 30 राउंड फायरिंग, परिसर में ही मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप

व्हाइट हाउस के पास 30 राउंड फायरिंग, परिसर में ही मौजूद थे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास शनिवार (23 मई) शाम (अमेरिकी समय के अनुसार) उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने सुरक्षा चौकी के पास पहुंचकर सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी. अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि शाम करीब 6 बजे ईस्टर्न टाइम पर संदिग्ध व्यक्ति सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा और अपने बैग से हथियार निकालकर वहां तैनात अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी. फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के संचार कार्यालय ने ट्वीट कर बताया, “शनिवार शाम 6 बजे के कुछ समय बाद 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू इलाके में एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फायरिंग शुरू कर दी. सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गोली मार दी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ है. घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे.

सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई में मारी गोली
सीक्रेट सर्विस ने बताया कि अधिकारियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और संदिग्ध को गोली मार दी. घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई.

एक राहगीर भी गोली लगने से घायल
घटना में एक राहगीर भी घायल हुआ है. हालांकि कानून प्रवर्तन अधिकारियों का कहना है कि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि राहगीर को संदिग्ध की गोली लगी थी या जवाबी कार्रवाई में चली गोली से वह घायल हुआ. सीक्रेट सर्विस ने बताया कि घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे, लेकिन इस घटना का उन पर कोई असर नहीं पड़ा. एजेंसी ने यह भी कहा कि उसके किसी अधिकारी को चोट नहीं आई है.

एफबीआई निदेशक ने भी दी जानकारी
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि अधिकारी गोलीबारी की घटना पर कार्रवाई कर रहे हैं और जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा.

पुलिस ने लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की
मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि सीक्रेट सर्विस पूरे इलाके में कार्रवाई कर रही है. पुलिस ने लोगों से उस क्षेत्र से दूर रहने की अपील की.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
जिस इलाके में शनिवार को फायरिंग हुई, वहीं पिछले साल नवंबर में भी हमला हुआ था. तब एक बंदूकधारी ने वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो सदस्यों पर हमला किया था. उस घटना में अमेरिकी सेना की विशेषज्ञ सारा बेकस्ट्रॉम की मौत हो गई थी, जबकि एंड्रयू वुल्फ गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उस मामले में रहमानुल्लाह लाकनवाल पर आरोप तय किए गए थे.

ट्रंप पर हमले की कोशिश के बाद बढ़ी सुरक्षा
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब करीब एक महीने पहले ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की कथित कोशिश हुई थी. 25 अप्रैल को वॉशिंगटन के एक होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान ट्रंप को निशाना बनाने की कोशिश का मामला सामने आया था. इस मामले में कैलिफोर्निया निवासी कोल टोमस एलन पर ट्रंप की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया है. उसने हाल ही में अदालत में खुद को निर्दोष बताया है और फिलहाल वह संघीय हिरासत में है.




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *