Search
Sunday 10 May 2026
  • :
  • :
Latest Update

सरकार का सख्त संदेश, भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को ‘युद्ध की कार्रवाई’ मानेगा भारत

सरकार का सख्त संदेश, भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को ‘युद्ध की कार्रवाई’ मानेगा भारत
पाकिस्तान के साथ लगातार बढ़ रहे तनाव के बीच भारत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया है कि देश में भविष्य में किसी भी आतंकवादी कृत्य को भारत के खिलाफ युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। सरकारी सूत्र ने बताया कि भारत सरकार ने निर्णय लिया है कि भावी आतंकी वारदातों को युद्ध छेड़ने का प्रयास मानते हुए उसी के अनुसार जवाब दिया जाएगा। बता दें कि भारत इससे पहले भी स्पष्ट संकेत दे चुका है कि वह किसी भी आक्रामक गतिविधि या युद्ध जैसे हालात का सामना करने को तैयार है। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर के अगले दिन यानी 8 मई की शाम मीडिया के सामने आईं महिला सैन्य अधिकारी- कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका युद्ध वर्दी में नजर आई थीं। इसके बाद पीएम मोदी के साथ बैठकों में शीर्ष सैन्य अधिकारी- सेना प्रमुख भी कॉम्बैट यूनिफॉर्म में देखे गए।
विगत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी वारदात के बाद आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने के लिए भारतीय सेना ने बीते सात मई को पाकिस्तानी कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (POJK) और पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत इस कार्रवाई के बाद तिलमिलाया पाकिस्तान लगातार भारत को उकसाने के प्रयास कर रहा है। आतंकवादियों के खिलाफ भारत की सीमित और नियंत्रित कार्रवाई को पड़ोसी देश ने ‘एक्ट ऑफ वॉर’ बताया। बीते तीन-चार दिन से पाकिस्तान ड्रोन और मिसाइलों से भारत की सीमाओं को अशांत करने की हिमाकत कर रहा है। ऐसी हरकतों का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत ने अब तक संयम दिखाया है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *