Search
Wednesday 25 March 2026
  • :
  • :
Latest Update

प्रियदर्शन मेरे लिए कॉमेडी के रोल मॉडल हैं: निर्देशक रजत लक्ष्मण करिया

गोवा के पणजी में 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में एक विचारोत्तेजक मीडिया चर्चा देखने को मिली, जब दो फिल्मों – अमर आज मरेगा (हिंदी) और स्वर्गरथ (असमिया) के कलाकारों और क्रू ने कल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित किया। यह कार्यक्रम उभरते फिल्म निर्माताओं और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रदर्शित करने के लिए इस महोत्सव के समर्पण के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया।

पहली बार निर्देशन की कमान संभालने वाले, रजत लक्ष्मण करिया ने ‘अमर आज मरेगा’ को जीवंत बनाने के पीछे की अपनी कहानी साझा की। एक कहानी जो कागज पर एक सपने के रूप में शुरू हुई और करिया की इस फिल्म ने इफ्फी तक अपनी जगह बनाई, एक अहम उपलब्धि हासिल की, जिसका श्रेय उन्होंने अपने निर्माता प्रकाश झा और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) को दिया। करिया ने नई प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया और सिनेमा में नई आवाजों को मंच प्रदान करने के लिए इफ्फी 2024 को श्रेय दिया।

फिल्म मौत के नाजुक विषय को एक सकारात्मक नज़रिए के साथ पेश करती है। हालांकि इसका शीर्षक गंभीर लग सकता है – “अमर आज मरेगा” – फिल्म यह संदेश देती है कि “मृत्यु जीवन का उत्सव है।” निर्देशक ने बताया कि कैसे फिल्म का दार्शनिक दृष्टिकोण, जीवन और मृत्यु के विषयों से प्रभावित था, जो अवचेतन रुप में एडिटिंग के दौरान झलकता दिखा।

“मेरी फिल्म ‘आनंद’ फिल्म के एक उद्धरण से शुरू होती है। हालांकि निर्माण के दौरान यह सोच समझकर नहीं डाला गया था, लेकिन एडिटिंग के दौरान मुझे एहसास हुआ कि फिल्म यह बताती है कि मौत के रुप में भी जीवन का जश्न कैसे मनाया जाए। मैं मौत को टैबू नहीं मानता हूं, यह सिर्फ लोगों का एक डर है। इस पीढ़ी में मीम्स लोकप्रिय हो गए हैं और 2005 में बड़े होते हुए मैं प्रियदर्शन की भागम भाग और हेरा फेरी जैसी कॉमेडी से प्रभावित हुआ, जो आज कॉमेडी के लिए आदर्श बन गई है। आज 15 साल बाद भी हम इन फिल्मों से मीम्स बनाते हैं और हंसते हैं”, उन्होंने कहा कि प्रियदर्शन कॉमेडी फिल्मों के आदर्श हैं।

निर्देशक राजेश भुयन ने ‘स्वर्गरथ’ बनाने के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में बात की, एक ऐसी फिल्म जो मौत के गंभीर विषय पर बात करने के लिए हास्य का प्रयोग करती है। भुयन ने जोर देकर कहा, कि कैसे कॉमेडी को अक्सर कम करके आंका जाता है, लेकिन इसमें महारत हासिल करना सबसे कठिन शैली है। उन्होंने फिल्म की सफलता का श्रेय लोगों को हंसाने के साथ-साथ जीवन, मृत्यु और सामाजिक मूल्यों के बारे में विचार जगाने की इसकी क्षमता को दिया। भुयन ने फिल्म की आलोचनात्मक और व्यावसायिक सफलता पर भी बात करते हुए, असमिया फिल्म उद्योग पर इसके प्रभाव और क्षेत्र के एक्शन और रोमांस के पारंपरिक फोकस से बाहर निकलने पर ध्यान आकर्षित किया।

लेखक शांतनु रौमुरिया ने चर्चा के दौरान बताया कि कैसे स्वर्गरथ, एक मुर्दाघर वैन चालक और कॉलेज के छात्रों और पुलिस अधिकारियों सहित पात्रों के एक समूह के अनोखे नज़रिए के माध्यम से जीवन और मृत्यु के सार को दर्शाती है। भारत में 2016 के विमुद्रीकरण की पृष्ठभूमि पर आधारित, यह फिल्म एक ऐसी कहानी बुनती है, जो गंभीर सामाजिक विचारधारा के साथ ब्लैक कॉमेडी को मिलाजुला कर पेश करती है। रोमुरिया ने बताया कि, फिल्म के ट्रीटमेंट ने एक संभावित गंभीर विषय को थोड़ा हास्यप्रद लेकिन सार्थक प्रस्तुति में बदल दिया।

फिल्म के निर्माता संजीव नारायण ने कहा, “हम बहुत सारी फिल्में बनाते हैं, लेकिन सबसे खुशी का पल वह होता है, जब आपको राष्ट्रीय मंच पर पहचाना जाता है। पूर्वोत्तर के हमारे जैसे लोगों के लिए, यह बहुत मायने रखता है। मैं पूरी टीम को धन्यवाद और बधाई देना चाहता हूं, सभी ने शानदार काम किया। कल मुझे इफ्फी में इस फिल्म को हिंदी में बनाने का प्रस्ताव मिला और हमें इस पर गर्व है। हमें यहां आमंत्रित करने के लिए इफ्फी को धन्यवाद।”

स्वर्गरथ की निर्माता अक्षता नारायण ने असमिया फीचर फिल्म के निर्माण के दौरान आने वाली चुनौतियों को साझा किया, जिसे COVID-19 महामारी के चरम के दौरान शूट किया गया था। नारायण ने महामारी के बेहद चुनौतीपूर्ण वक्त के दौरान तमाम मुश्किलों के बावजूद इस फिल्म को पूरा करने पर गर्व व्यक्त किया।

नारायण ने कहा, फिल्म की सफलता मजबूत पटकथा और कोविड में मुश्किल हालातों का सामना करने के टीम के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने इस बात पर गर्व महसूस किया कि कैसे कहानी दर्शकों को पसंद आई और इसने बेहतर कंटेट पर आधारित सिनेमा की ताकत का प्रदर्शन किया।

 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *