Search
Wednesday 4 February 2026
  • :
  • :
Latest Update

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा लहराने को बनाया जन-जन का अभियान – मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुए “हर घर तिरंगा” अभियान से पूरा देश नए उत्साह और उमंग से गुजर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आजादी के अमृत महोत्सव के समय से आम आदमी द्वारा तिरंगा फहराने के संबंध में विशेष छूट दिलवाई थी। इसी का परिणाम है अब तिरंगा लहराना पूरे देश में जन-जन का अभियान बन गया है। हर घर तिरंगा अभियान में राज्य सरकार, केंद्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। नगरीय निकाय, पंचायती राज संस्थाएं भी इस दिशा में सक्रिय हैं। हम सब अपने घर पर पवित्र तिरंगा लगाए और इसकी मर्यादा का भी ध्यान रखें। यही हमारी क्रांतिकारी, शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल पुलिस की तिरंगा रैली का शुभारंभ कर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय से तिरंगा ध्वज लहराकर तिरंगा रैली को रवाना किया। उन्होंने तिरंगे गुब्बारे भी आसमान में छोड़े। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगे झंडों से सजी पुलिस की वाहन रैली को देशभक्ति गीतों के बीच झंडी दिखाई। साथ ही नगर रक्षा समिति, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों द्वारा निकाली जा रही तिरंगा रैली को भी रवाना किया। तिरंगा रैली में 300 से अधिक बाइकर्स वर्दी में राजधानी के विभिन्न मार्गों पर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने रवाना हुए। ग्राम रक्षा समिति, नगर रक्षा समिति, सामाजिक संगठनों के सदस्य और स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए।

पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना ने परिचयात्मक उद्बोधन में बताया कि पुलिस परिवार द्वारा “आजादी के रंग-खाकी के संग” थीम पर पूरे प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन जारी है। कार्यक्रम में विधायक भगवान दास सबनानी, भोपाल महापौर मालती राय, अपर मुख्य सचिव गृह एस.एन. मिश्रा, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित थे।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *