Search
Thursday 26 March 2026
  • :
  • :
Latest Update

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ-नेता नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में पार्टी के सदस्यता अभियान का आज शुभारंभ किया

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। उन्‍हें पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सदस्यता नवीनीकरण प्रमाणपत्र प्रदान किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा भारत की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो अपने काम का विस्तार करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन कर रही है। उन्‍होंने कहा कि पार्टी लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए सुधार कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय देश के सीमावर्ती गांवों को अंतिम गांव के रूप में जाना जाता था और यह नकारात्मकता को दर्शाता था। उन्‍होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सीमावर्ती गांव को आखिरी गाँव की जगह पहले गाँव का दर्जा दिया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इन गांवों में विशेष इकाई गठित कर सदस्यता अभियान चलाने और पूरे गांवों को भाजपा का सदस्य बनाने को कहा।

भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि एकमात्र भाजपा ही भारतीय संविधान में समाहित मूल्यों के अनुरूप काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के प्रधान सेवक हैं और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा तथा आदर्श हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, बल्कि सबसे बडी लोकतांत्रिक पार्टी भी है। उन्होंने कहा कि कोई भी अन्य पार्टी भाजपा जैसी पारदर्शिता और ईमानदारी से अपना सदस्यता अभियान नहीं चलाती है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को वादों को कार्यों में बदलना होगा।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *