इजरायली हमले में IRGC के प्रवक्ता नैनी की मौत
इजरायली हमले में IRGC के प्रवक्ता नैनी की मौत, तेहरान में हड़कंपईरान-इजरायल के बीच जारी संघर्ष को 2 हफ्ते से अधिक समय बीत चुका है। अब इस युद्ध के बीच बड़ी खबर आई है। IRGC(इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर) ने पुष्टि की है कि उनके प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी इजरायली-अमेरिकी मिसाइल हमले में मारे गए हैं।
जनरल अली मोहम्मद नैनी की मौत इस सप्ताह ईरान की सरकार और सैन्य नेतृत्व के लिए चौथा बड़ा झटका है। इसके पहले हुए हमलों में तीन अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौत हो चुकी है। जिनमें अली लारीजानी, गुलामरेजा सुलेमानी और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब शामिल हैं। सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम ने टेलीग्राम और X पर बताया कि नैनी की मौत शुक्रवार तड़के हुई है। अली मोहम्मद नैनी की मौत स्थानीय मीडिया में उनके अमेरिका और इजरायल के खिलाफ दिए गए बयानों के कुछ ही घंटों बाद हुई है।
कौन थे अली मोहम्मद नैनी?
IRGC(इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर) ने इजरायल-अमेरिका हमले में अपने प्रवक्ता जनरल अली मोहम्मद नैनी की मौत की पुष्टि की है। अली मोहम्मद नैनी का जन्म 1957 में ईरान के काशान में हुआ था। वह IRGC में द्वितीय ब्रिगेडियर जनरल के पद पर थे। साल 2024 में IRGC के कमांडर-इन-चीफ हुसैन सलामी ने उन्हें कोर के आधिकारिक प्रवक्ता और जनसंपर्क उप प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। नैनी को मनोवैज्ञानिक अभियानों, सॉफ्ट पावर और संज्ञानात्मक युद्ध में IRGC के शीर्ष विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता था प्रवक्ता बनने से पहले उन्होंने IRGC और बासिज में सांस्कृतिक उप-प्रमुख जैसे कई प्रभावशाली पदों पर कार्य किया था।
