Search
Thursday 25 June 2026
  • :
  • :
Latest Update

जिला चिकित्सालय मुरार में हुआ पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण

जिला चिकित्सालय मुरार परिसर में पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का शनिवार को केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अनावरण किया। साथ ही स्व. सिंधिया की स्मृति में इस अवसर पर उन्होंने शमी का पौधा रोपा। कार्यक्रम में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मौजूद थे।

प्रतिमा का अनावरण करने के बाद केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भावुक हो गए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे पूज्य पिताजी ने दल से ऊपर उठकर जन सेवा के दर्शन शास्त्र के आधार पर लोगों एवं क्षेत्र की सेवा का काम किया। उनका मानना था कि जीवन में कोई भी रास्ता चुनें, चाहे वह व्यवसाय हो, राजनीति हो या कोई अन्य काम। हमारे जीवन का लक्ष्य यह होना चाहिए कि हम कितने लोगों के जीवन में खुशियाँ ला सकते हैं।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मेरे पिताश्री मात्र 26 साल की आयु में सांसद बन गए थे और उन्होंने सेवा भाव के मिशन के साथ अपना जीवन जिया। उन्होंने विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी वे लोगों की सेवा से पीछे नहीं हटे। सन् 1980 में पैर में फ्रैक्चर होने से वे एम्स में भर्ती थे, तभी उन्हें पता चला कि क्षेत्र में बाढ़ आई है और लोग परेशान हैं। चिकित्सकों के मना करने के बाबजूद वे अपने वाहन में कंबल इत्यादि राहत सामग्री लेकर लोगों के बीच पहुँचे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भरोसा दिलाया कि ग्वालियर के उत्तरोत्तर विकास में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। ग्वालियर के विकास में एलीवेटेड रोड, नया एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन व अंतर्राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम जैसे बड़े-बड़े आयाम जुड़े हैं। विकास की यह श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।

सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि स्व. माधवराव सिंधिया ने दलगत भावना से ऊपर उठकर सभी की मदद की। इसीलिए वे लोकप्रियता के शिखर पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उसी भाव के साथ क्षेत्र की सेवा में जुटे हैं। मंत्री कुशवाह ने कहा कि जिला चिकित्सालय मुरार में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं संसाधन उपलब्ध कराने में प्रदेश सरकार से हर संभव मदद दिलाई जायेगी।

स्वागत उदबोधन पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रामबरन गुर्जर, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र यादव तथा कमल माखीजानी, पारस जैन व अशोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। कार्यक्रम में स्व. सिंधिया को स्वरांजलि भी अर्पित की गई।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *