Search
Monday 9 June 2025
  • :
  • :
Latest Update

भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में कांस्‍य पदक जीता, स्पेन को 2-1 से हराया

भारत ने पेरिस ओलंपिक 2024 में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। भारतीय हॉकी टीम ने गुरुवार को स्पेन को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। भारत ने लगातार दूसरे ओलंपिक में मेडल जीता है। भारतीय हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

स्पेन के खिलाफ मुकाबले में भारत की जीत के हीरो कप्तान हरमनप्रीत सिंह रहे, उन्होंने मैच में दो गोल किए। मैच का पहला गोल स्पेन ने किया। स्पेनिश टीम को दूसरे क्वार्टर के 12वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला। स्पेन ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और गोल करके भारत पर 1-0 की बढ़त बना ली। स्पेन की ओर से मार्को मिरालेस ने गोल किया।

दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। जब हॉफ टाइम हुआ तो स्कोर 1-1 से बराबर था। भारत ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में गोल कर मैच में बढ़त बना ली। भारत ने यह गोल भी पेनल्टी कॉर्नर से किया। एक बार फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया, भारत ने 33वें मिनट में यह गोल दागा।

इस जीत के साथ ही भारत ने अपने दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश को शानदार विदाई दी है। पीआर श्रीजेश ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि यह उनका आखिरी मैच है, इसके बाद वे संन्यास लेंगे।

हॉकी इंडिया ने पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक की जीतने पर पुरुष हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रुपये और सहयोगी सदस्यों को साढ़े सात लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने स्पेन को दो-एक से हराकर लगातार दूसरी बार ओलंपिक पदक पदक हासिल किया। यह उपलब्धि आखिरी बार 52 वर्ष पहले हासिल की गई थी।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पेरिस ओलम्पिक्‍स 2024 में भारतीय हॉकी टीम को कांस्‍य पदक जीतने पर बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत ने पांच दशकों के बाद ओलम्पिक खेलों में एक के बाद एक कांस्‍य पदक जीते हैं। उन्‍होंने कहा कि हॉकी टीम की जीत भारत के लिए गर्व का विषय है और भारतीय हॉकी के फिर से मजबूत होने के लिए प्रशंसा की पात्र है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय टीम की निरन्‍तरता, कौशल, समन्‍वय और मुकाबले की भावना देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय हॉकी टीम को फ्रांस के पेरिस में जारी पेरिस ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने उनके कौशल, लगन और टीम भावना की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया: “यह एक ऐसी महान उपलब्धि है जिसे आने वाली पीढ़ियां संजो कर रखेंगी। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक खेलों में अपनी चमक बिखेरी और कांस्य पदक जीतने में सफल रही। यह और भी विशिष्ट उपलब्धि है क्योंकि ओलंपिक खेलों में यह उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता उनके कौशल, लगन और टीम भावना की जीत है। उन्होंने असीम हिम्मत और लचीलापन प्रदर्शित किया। खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई।प्रत्येक भारतीय का हॉकी के साथ एक भावनात्मक लगाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलम्पिक गेम्स में कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉकी टीम की सफलता पर आज सभी भारतवासी गर्व की अनुभूति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीम ने जो बेहतरीन प्रदर्शन किया है, वह भावी खिलाड़ियों को सर्वोच्च सफलता की प्रेरणा देगा। यह हमारे लिए और भी आनंद तथा गर्व की बात है कि मध्यप्रदेश के विवेक सागर भी इस विजयी टीम का हिस्सा हैं।

 

 




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *